नयी दिल्ली, 04 दिसंबर (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने देरी की समस्या से निजात पाने के लिए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की अनुमति से शुरू की गयी अपनी पहल के तहत गुरुवार को करीब 400 उड़ानें रद्द कीं। दिल्ली एयरपोर्ट की बेवसाइट पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकेले दिल्ली में आज उसकी 100 से अधिक उड़ानें रद्द रहीं। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी करीब 100 उड़ानें रद्द हुई हैं। मुबंई में भी 70 से अधिक उड़ानों के रद्द होने की सूचना है। सूत्रों ने बताया कि पूरे देश भर में 400 के करीब उड़ानें रद्द की गयी हैं। हालांकि कंपनी की तरफ से कोई संख्या नहीं बतायी गयी है।
उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी ने अपने अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर परिचालन को प्रभावित नहीं होने दिया है, और घरेलू मार्गों पर उड़ानें रद्द की है। शुक्रवार को भी यही स्थिति जारी रहने की संभावना है।
इंडिगो ने बुधवार शाम बताया था कि विभिन्न कारणों से उसकी उड़ानों में आ रहे व्यवधान से निजात पाने के लिए “शिड्यूल में नियंत्रित बदलाव” किये जा रहे हैं जो अगले 48 घंटे तक (शुक्रवार शाम तक) जारी रहेंगे। इस कारण बुधवार को भी उसकी करीब 100 उड़ानें रद्द रही थीं। डीजीसीए ने भी बुधवार रात एक बयान जारी कर बताया था कि उसने इंडिगो को क्रू के रोस्टर और आराम संबंधी नये नियमों का पालन करने के उपाय लागू करने की अनुमति दी है। इसके तहत एयरलाइंस नियमों का पालन करते हुए क्रू प्लानिंग और रोस्टरिंग को मजबूत करेगी, स्लॉट के प्रबंधन के लिए एटीसी और हवाई अड्डों के साथ समन्वय करेगी और दो उड़ानों के बीच के समय तथा व्यवधान प्रबंधन में सुधार करेगी।
नियामक ने बताया था कि नवंबर में इंडिगो की 1,232 उड़ानें रद्द रही थीं। इसमें 755 उड़ानें चालक दल के सदस्यों की अनुपलब्धता के कारण, 92 एटीसी सिस्टम में खराबी और 258 हवाई अड्डे पर स्लॉट की कमी के कारण रद्द करनी पड़ी थी। सूत्रों ने बताया कि इंडिगो ने विंटर शिड्यूल में अपनी उड़ानों की संख्या में काफी वृ्द्धि की है। बेड़े में विमानों की संख्या भी बढ़ी है, लेकिन उस अनुपात में क्रू सदस्यों की संख्या नहीं बढ़ी है। इसके अलावा, रोस्टर संबंधी नियमों में बदलाव से भी दिक्कत हुई है।

