पहली बार तुरा में ईडी का छापा, 28.66 करोड़ रुपये के जीएचएडीसी कोष के दुरुपयोग का मामला

नयी दिल्ली, 04 दिसंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को तुरा, पश्चिमी गारो हिल्स में अपनी पहली छापेमारी कर गारो हिल्स स्वायत्ता जिला परिषद (जीएचएडीसी) के धन के दुरुपयोग के आरोपों की जांच की। यह छापेमारी आरोपित व्यक्तियों से जुड़ी पांच संपत्तियों पर की गयी है। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी बोस्टन मराक, इस्माइल मराक, और ठेकेदार क्यूबोन संगमा और निकसेंग संगमा हैं। जांच में यह खुलासा हुआ है कि परिषद के तहत असनांग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए आवंटित 28.66 करोड़ रुपये का गलत तरीके से उपयोग किया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह धनराशि उन परियोजनाओं के लिए उपयोग नहीं की गई, जिनके लिए इसे जारी किया गया था।

ईडी की जांच में पाया गया कि नियमों का उल्लंघन करते हुए स्वीकृत धनराशि का लगभग 60 प्रतिशत एक असामान्य अग्रिम के रूप में दो ठेकेदारों को जारी किया गया था। एजेंसी के अनुसार, यह काम इस्माइल मराक के निर्देशों पर किया गया और कई चेक जारी किए गए। आरोप है कि क्यूबोन संगमा ने पूरी राशि निकाली और इसे इस्माइल मारक को सौंप दिया, जबकि निकसेंग संगमा ने अपनी हिस्सेदारी सीधे एक बैंक खाते में जमा कर दी। यह मामला परिषद के सदस्यों और ठेकेदारों की कथित साजिश को लेकर सामने आया है। इसके कारण विकास कार्यों के लिए निर्धारित सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ। मामले की आगे की जांच जारी है।

Next Post

रुपए लगातार गिर रहा है तो देश कैसे विकास कर रहा है : खरगे

Thu Dec 4 , 2025
नयी दिल्ली, 04 दिसंबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि सरकार बार-बार कहती है कि देश विकास कर रहा है लेकिन रुपया लगातार कमजोर हो रहा है जो सटीक रूप से देश के आर्थिक हालात को बयां करता है। श्री खरगे ने गुरुवार को संसद भवन परिसर […]

You May Like