
छिंदवाड़ा। आपूर्ति विभाग की टीम ने परासिया क्षेत्र में संचालित हो रही होटल और ढाबों की जांच कर 16 घरेलू गैस सिंलेडर जब्त किया है. बता दे कि जिला आपूर्ति अधिकारी गंगा कुमरे के निर्देशन में सहायक आपूर्ति अधिकारी ाजेन्द्र सिंह बरकड़े, सहायक आपूर्ति अधिकारी सरफरोज खान, सहायक आपूर्ति अधिकारी गीतराज गेडाम, सहायक आपूर्ति अधिकारी राघवेन्द्र सिंह लिल्होरे, जेएसओ परासिया सुमित चौधरी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नागेश्वर श्रीवास एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आलोक काछी के साथ संयुक्त रूप से गत दिवस जिले के विकासखंड परासिया स्थित होटल, ढाबों में घरेलू गैस सिलेण्डरों के दुरूपयोग के संबंध में जांच की गई. संयुक्त जांच दल द्वारा जांच में चाय की होटल इकलेहरा से एक घरेलू गैस सिलेण्डर, मनमोहक चाय इकलेहरा से भी एक घरेलू गैस सिलेण्डर, जयश्री दादाजी होटल इकलेहरा से 03 घरेलू गैस सिलेण्डर, व्हीव्ही रेस्टोरेंट ढाबा मुआरी से भी 3 घरेलू गैस सिलेण्डर, सूरज नूडल्स व चाट सेंटर उमरेठ से 1-1 घरेलू गैस सिलेण्डर एवं यदुवंशी भोजनालय बिजोरीगुमाई से 1 घरेलू गैस सिलेण्डर, फैमली ढाबा इकलेहरा से 2 घरेलू गैस सिलेण्डर, चाय नाश्ता कार्नर उमरेठ से 2 घरेलू गैस सिलेण्डर व फास्ट फूड कॉर्नर उमरेठ से 1 घरेलू गैस सिलेण्डर जप्त किये गये। इस प्रकार घरेलू गैस सिलेण्डर का अवैध रूप से संग्रहण एवं दुरूपयोग पाये जाने के कारण उपरोक्त 10 प्रतिष्ठानों के विरूद्ध कुल 16 घरेलू गैस सिलेण्डर जप्त किये जाकर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है.
