श्योपुर: सीएम के दौरे के मद्देनजर एक ओर जिले में खास सतर्कता बरती जा रही है वहीं जिले के देहात थाना क्षेत्र के सेमल्दा हवेली रोड पर एक किसान से बड़ी लूट की वारदात हो गई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने जानपुरा निवासी किसान जनरेल सिंह से 5 लाख रुपए और मोबाइल फोन छीन लिया। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले किसान की आंखों में पाउडर झोंक दिया, जिससे वह कुछ देर के लिए देख नहीं पाया।
किसान जनरेल सिंह आईडीबीआई बैंक से 5 लाख रुपए निकालकर अपने गांव जानपुरा लौट रहे थे। सेमल्दा हवेली रोड पर पहुंचते ही, पीछे से आए तीन अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें रोक लिया। किसान कुछ समझ पाता, इससे पहले ही एक युवक ने उनकी आंखों में पाउडर फेंक दिया, वहीं दूसरा उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग और मोबाइल छीन लिया। तीसरा युवक बाइक पर ही बैठा था।
तीनों बदमाश तुरंत मौके से तेज रफ्तार में फरार हो गए। पीड़ित जनरेल सिंह ने किसी तरह पानी डालकर अपनी आंखें साफ कीं और राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के रास्तों पर नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
