
भोपाल: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने बुधवार को भोपाल गैस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में सभी विनिर्माण इकाइयों और कार्यालयों में दो मिनट का मौन रखा। इसी के साथ 3 से 9 दिसंबर तक मनाए जाने वाले “औद्योगिक सुरक्षा सप्ताह” की शुरुआत हुई। इस सप्ताह के दौरान कार्यस्थल सुरक्षा को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें सुरक्षा जागरूकता व्याख्यान, सुरक्षा वार्ताएं, व्यापक निरीक्षण, गेटों पर सुरक्षा घोषणाएं, पूरे कारखाने में सुरक्षा बैनर और फ्लेक्स का प्रदर्शन, अग्निशमन प्रशिक्षण तथा कई मॉक ड्रिल शामिल हैं।
1984 की विनाशकारी त्रासदी से मिली सीख को ध्यान में रखते हुए, बीएचईएल ने गैस एवं पावर प्लांट क्षेत्र में एक व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की, ताकि आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी का मूल्यांकन किया जा सके। ड्रिल के बाद सीआईएसएफ-फायर, जीपीएक्स और स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण (एचएसई) विभाग की टीमों ने निर्धारित असेंबली पॉइंट पर एकत्र होकर कमियों की समीक्षा की और सुधार के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट ने जागरूकता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी अनजान स्थान पर हमें यह अवश्य सोचना चाहिए कि आपातकाल आने पर सुरक्षित निकलने का मार्ग क्या होगा। एचएसई प्रमुख ने गैस एवं पावर प्लांट में स्थापित मजबूत सुरक्षा प्रणालियों की सराहना की और मॉक ड्रिल के दौरान सीआईएसएफ जवानों की तत्परता की प्रशंसा की।
