ब्रसेल्स, 03 दिसंबर (वार्ता) यूरोपीय संघ (ईयू) की पूर्व विदेश नीति चीफ़ फेडेरिका मोगेरिनी को बेल्जियम पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले की जांच के लिये हिरासत में लिया है। यूरोपीय संघ की पूर्व उच्च प्रतिनिधि सुश्री मोगेरिनी को धोखाधड़ी-विरोधी जांच के तहत एक पुलिस छापेमारी के दौरान हिरासत में लिया गया। इसके बाद पूरे ब्रसेल्स में खलबली मच गयी है। सुश्री मोगेरिनी उन तीन संदिग्धों में से एक हैं जिन्हें मंगलवार सुबह पूछताछ के लिये ले जाया गया। बेल्जियम के अधिकारियों ने यूरोपीय बाहरी कार्रवाई सेवा (ईईएएस) के कार्यालय, ब्रुगेस शहर में कॉलेज ऑफ़ यूरोप और कई निजी घरों की तलाशी ली।
उच्च प्रतिनिधि के तौर पर सुश्री मोगेरिनी ने 2014 से 2019 के बीच ब्लॉक की विदेश नीति का नेतृत्व किया। वह सितंबर 2020 से कॉलेज ऑफ़ यूरोप की रेक्टर हैं, जो एक जाना-माना विश्वविद्यालय है और जिसे ईयू से निधि भी मिलती है।
सुश्री मेगोरिनी के साथ ईयू के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्टेफ़ानो सनीनो को गिरफ्तार किया गया है जो 2021 से 2024 के बीच ईईएएस के महासचिव थे। सनीनो ने फरवरी 2025 में यूरोप कमीशन के मध्य-पूर्व, उत्तरी अफ्रीका और खाड़ी (मेना) महानिदेशक का पद संभाला था। यह पद ‘मेना’ से ईयू के रिश्ते मज़बूत करने के लिये बनाया गया था। योरून्यूज़ ने बेल्जियन मीडिया का हवाला देते हुए हिरासत में लिये गये दोनों पदाधिकारियों की पहचान की पुष्टि की है। बेल्जियन अखबार ल सॉयर के अनुसार, गिरफ्तार किया गया तीसरा व्यक्ति कॉलेज ऑफ यूरोप में एक प्रबंधक के पद पर काम करता है। कॉलेज ने एक बयान में कहा, “कॉलेज ऑफ यूरोप छानबीन प्रक्रिया के सम्मान और पारदर्शिता के लिये प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करेगा। यह कॉलेज अकादमिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर ईमानदारी, निष्पक्षता और अनुपालन का सबसे अच्छा स्तर बरकरार रखने के लिये प्रतिबद्ध है। कॉलेज अपने काम जारी रखने के लिये सभी ज़रूर कदम उठाएगा।”

