सतना: जिले के धारकुण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत महापार के जंगल में मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.
कुछ स्थानीय रहवासी मंगलवार की सुबह जब महापार जंगल की ओर गए तो एक पेड़े पर उन्हें गमछा लटका दिखाई दिया. जिसे देखते हुए उन्होंने जब आस पास नजर दौड़ाई तो वहां पर एक मानव कंकाल पड़ा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
लिहाजा फौरन ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची धारकुण्डी थाने की पुलिस द्वारा घटना स्थल और आस पास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई. मानव कंकाल के साथ ही कपड़े और जूते भी पाए गए. जबकि गमछा पेड़ पर लटका हुआ था. पुलिस द्वारा स्थानीय रहवासियों से मृतक के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया.
लेकिन वहां पर मौजूद कोई भी व्यक्ति उसकी पहचान नहीं कर सका. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा कंकाल सहित अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया. इसी कड़ी में यह जानकारी भी सामने आई कि सभापुर थाने में 3 महीने पहले गुमशुदगी की शिकायत दर्ज हुई थी. जिसके चलते मृतक के गुमशुदा होने की संभावना अधिक नजर आने लगी. लेकिन इसकी तस्दीक तभी हो सकेगी जब विस्तृत जांच रिपोर्ट सामने आएगी.
