फर्जी मुनाफा दिखाकर शेयर बाजार के नाम पर 32,500 की ठगी

इंदौर: शेयर बाजार में निवेश से भारी मुनाफे का झांसा देने वाले जालसाजों ने पहले पीड़ित के खाते में 1015 रुपए का फर्जी लाभ भेजकर भरोसा जीता. इसके बाद ब्रोकरेज के नाम पर रकम जमा कराई और राखी विशेष ऑफर बताकर 85 हजार रुपए का बोनस देने का लालच दिया. पीड़ित ने झांसे में आकर 32,500 रुपए भेजे तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया. अन्नपूर्णा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी का केस दर्ज किया है.

कमलेश पंडित के पास 31 जुलाई को अनजान नंबर से फोन आया था. कॉल करने वाले ने खुद को ‘मनी ग्रो लाइफ’ कंपनी का कर्मचारी बताते हुए शेयर बाजार में निवेश की योजना समझाई. इसके बाद राजीव जैन नाम के व्यक्ति से बात कराई गई, जिसने खुद को कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी बताया. आरोपियों ने निवेश की आईडी बनाने के नाम पर कमलेश से पैन कार्ड, बैंक खाते सहित अन्य दस्तावेज वॉट्सऐप पर मंगवा लिए. 6 अगस्त को दस्तावेज भेजने के बाद आरोपियों ने 10 हजार रुपए से निवेश शुरू करने को कहा. कमलेश ने बताए गए क्यूआर कोड पर 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए.

इसके बाद जालसाजों ने शेयर बाजार का फर्जी लाभ चार्ट भेजकर 1015 रुपए का मुनाफा दिखाया. यह राशि कमलेश के खाते में भी भेज दी गई। इससे उसे आरोपियों पर भरोसा हो गया. इसके बाद ब्रोकरेज के नाम पर 4100 रुपए और जमा करवा लिए गए. कुछ समय बाद आरोपियों ने राखी विशेष ऑफर बताते हुए 85 हजार रुपए जमा करने पर भारी बोनस मिलने की बात कही. उनके कहने पर कमलेश ने 31 अगस्त को 32,500 रुपए क्यूआर कोड के जरिए बताए गए खाते में भेज दिए. रकम पहुंचने के बाद न रिटर्न मिला और न बोनस.

पूछताछ करने पर आरोपियों ने कमलेश को वॉट्सऐप ग्रुप से बाहर कर दिया और संपर्क बंद कर दिया. ठगी का पता चलने के बाद कमलेश ने अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों और बैंक खाताधारकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटाना शुरू किया है. मामले में अन्नपूर्णा थाना प्रभारी हितगोपाल यादव ने बताया कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है. जिन मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के जरिए लेनदेन हुआ, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

जब आपूर्ति श्रृंखला का हथियार की तरह इस्तेमाल हो रहा है, भारत हो सकता है भरोसेमंद सेमीकंडक्टर निर्माण स्थल: मोदी

Thu Sep 17 , 2026
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया में आपूर्ति श्रृंखला का हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है भारत वैश्विक कंपनियों के लिए भरोसेमंद सेमीकंडक्टर निर्माण स्थल साबित हो सकता है। श्री मोदी ने यहां यशोभूमि में […]

You May Like

मनोरंजन