सीहोर। शहर के लोगों को शीघ्र ही सभी जर्जर और खस्ताहाल सड़कों से निजात मिलेगी. भले ही वह सड़क नपा के अधीन न होकर पीडब्ल्यूडी की हो. प्राथमिकता के साथ इन सभी सड़कों का डामरीकरण कराते हुए नागरिकों की असूविधा को दूर किया जाएगा.
उक्त उद्गार नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने शनिवार को मुरली रोड की खस्ताहाल सड़क का निरीक्षण करने के दौरान व्यक्त किए. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने उन्हें अवगत कराया था कि भोपाल नाके से मुरली रोड होते हुए जाने वाला मार्ग सायलो तक पूरी तरह खस्ताहाल हो गया है. सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण अक्सर हादसे होते हैं. इसके अलावा सड़क की धूल घरों व दुकानों में जाकर लोगों को बीमार बना रही है.
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि मुरली रोड के वाशिंदों को हो रही परेशानी से अवगत होने के लिए उन्होंने शनिवार को क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान वहां के रहवासियों ने सड़क की मरम्मत करने की मांग उठाई. नपा अध्यक्ष ने उनकी मांग को तत्काल स्वीकारते हुए ठेकेदार को मौके पर बुलाया और सड़क का पैचवर्क करने के निर्देश दिए.
उन्होंने वार्डवासियों से कहा कि एकाध दिन में सड़क का डामरीकरण कार्य प्रारंभ हो जाएगा. फिलहाल पैचवर्क कराते हुए लोगों को राहत दी जाएगी. आगामी दिनों में इस सड़क को नपा अपने क्षेत्राधिकार में लेते हुए डामरीकरण कराएगी. उन्होंने कहा कि नपा की सीमातंर्गत सभी प्रमुख सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है. सभी 35 वार्डों की प्रत्येक गली तक सीसीकरण और डामरीकरण किया जा चुका है. आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. अपनी मांग माने जाने पर क्षेत्रवासियों ने प्रिंस राठौर का आभार व्यक्त किया. इसके बाद नपाध्यक्ष मंडी क्षेत्र पहुंचे और वहां जारी डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया था. गौरतलब है कि मंडी में भी लोगों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था. उसके बाद डामरीकरण शुरू किया गया है.
