नई दिल्ली। मानव परोपकारी संस्था (एमपीएस) और सेंटर फॉर रिफॉर्म्स (सीएफआर) ने नेत्रम आई फाउंडेशन एवं सोशल एक्शन फाउंडेशन के सहयोग से दक्षिण दिल्ली के खानपुर एक्सटेंशन में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया। शिविर का उद्देश्य समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों को सुलभ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना था।
संस्था के अध्यक्ष हरीश देवान ने बताया कि शिविर में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास पर परामर्श, एचआईवी जांच, नेत्र परीक्षण, दवाइयों तथा चश्मों का निःशुल्क वितरण जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में करीब 300 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान 90 लोगों को मुफ्त चश्मे दिए गए, 150 लोगों को आई ड्रॉप्स वितरित की गईं, 67 लोगों की एचआईवी जांच हुई तथा 100 से अधिक लोगों को नशा मुक्ति संबंधी परामर्श दिया गया। नेत्र परीक्षण में 50 लोगों में मोतियाबिंद की पहचान हुई, जिनमें से 29 लोगों ने निःशुल्क ऑपरेशन के लिए सहमति दी है। इन ऑपरेशनों का आयोजन अगले 15 दिनों में नेत्रम आई फाउंडेशन की देखरेख में किया जाएगा।
श्री देवान ने सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकीय टीम, स्वयंसेवकों और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एमपीएस और सीएफआर समाज के वंचित वर्गों के हित में ऐसे कल्याणकारी कार्यक्रम आगे भी जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर अगले सप्ताह फिर खानपुर में तथा कपासहेड़ा, महिपालपुर, सफदरजंग एन्क्लेव और ग्रीन पार्क क्षेत्रों में भी आयोजित किए जाएंगे।
यह शिविर निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सभी के लिए सुलभ चिकित्सा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
