नीरज कुमार मिश्रा
भोपाल: शहर में बीते आठ माह में ट्रैफिक थाना ने नियमों का उल्लघंन करने वाले सबसे अधिक 8 हजार से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है. इसमें सबसे ज्यादा चालानी कार्रवाई बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चलाने वालों पर की गई है. इसके साथ ही बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है.निशातपुरा, गौतमनगर, मिसरोद, बैरागढ़ और कोहेफिजा इलाके इसके साथ ही टाप 5 में शामिल हैं. सबसे ज्यादा निशातपुरा इलाके में ट्रैफिक नियमों का उल्लघंन इन दिनों में लोगों ने किया है और गौतम नगर इलाके में पुलिस ने सबसे अधिक चालानी राशि वसूली है.
रातीबड़ इलाके में सबसे कम 1057 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 3 लाख से अधिक की राशि वसूली की गई है. शहरभर में एक लाख 54 हजार से अधिक चालकों पर 8 माह में कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 4 करोड़ 73 हजार रुपए से अधिक की वलूसी की है, जबकि 2 करोड़ 28 लाख से अधिक की राशि पेडिंग है. आंकड़ो के मुताबिक अबतक कुल एक लाख 12 हजार वाहन चालकों ने अपने चालान भर दिए हैं और लगभग 42 हजार के चालान पेडिंग है.ट्रैफिक पुलिस आंकड़ों के अनुसार 8 महीने में निशातपुरा इलाके में करीब 5 हजार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच लाख से अधिक की चालानी राशि वसूली है. इसके साथ ही गौतम नगर इलाके में चार हजार से अधिक वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 10 लाख से अधिक की राशि वसूली हुई है. निशातपुरा इलाके में अबतक 5 लाख 73 हजार रुपए की वसूली हो पाई है.
मिसरोद इलाके में 3 हजार से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 9 लाख 41 हजार रुपए वसूल किए हैं. बैरागढ़ इलाके में 2783 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7 लाख 50 हजार रुपए वसूल किए गए हैं. कोहेफिजा इलाके में 2707 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर ट्रैफिक पुलिस ने 7 लाख 86 हजार रुपए वसलू किए हैं. इसके साथ ही अन्य 36 थाना इलाकों में भी कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई की है.
इनका कहना है-
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है. बिना किसी भेदभाव या वीआईपी कल्चर के प्रभाव में आए बिना पुलिस कार्रवाई कर रही है. शहर की सड़कों पर नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. लोगों को इसके साथ ही उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर जागरुक करने का काम भी ट्रैफिक पुलिस कर रही है.
बसंत कुमार कौल, प्रभारी डीसीपी यातायात
