अवैध सागौन तस्करी का पर्दाफाश, पिकअप वाहन सहित बड़ी मात्रा में चिरान जब्त

सौसर। क्षेत्र में चल रही सागौन तस्करी पर लगाम कसते हुए वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पांढुरना के भंदारगोंदी क्षेत्र से मोहगांव की ओर ले जाई जा रही सागौन चिरान से भरी पिकअप वाहन को वन अमले ने पकड़ा। तस्करी में उपयोग की जा रही पिकअप वाहन क्र. MH-04-HD-9925 से कुल 0.216 घन मीटर अवैध सागौन चिरान जब्त की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तस्कर यह चिरान मोहगांव स्थित शिवाय फर्नीचर मार्ट में उतारने की तैयारी में थे। इसी दौरान वन विभाग की टीम को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्र सौसर की टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी के दौरान अवैध चिरान जब्त की।

वन परिक्षेत्र अधिकारी शिवशंकर चतुर्वेदी ने बताया कि कार्रवाई में पिकअप वाहन को भी जप्त सूची में शामिल किया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह चिरान बिना किसी वैध परिवहन अनुमति के अवैध रूप से ले जाई जा रही थी।

उन्होंने बताया कि शिवाय फर्नीचर मार्ट के संचालक सहित तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है। वन विभाग अब तस्करी के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटा रहा है।

वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध सागौन व्यापार में लिप्त गिरोहों में हड़कंप की स्थिति है। रेंज ऑफिसर का कहना है कि ऐसे मामलों पर निगरानी और अधिक कड़ी की जाएगी तथा भविष्य में भी ऐसी छापामार कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

सड़क हादसे में घायल ने तोड़ा दम 

Mon Dec 1 , 2025
जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल ने इलाज के दौरान तोड़ा दम दिया। पुलिस ने बताया कि सोमवार को मेडिकल कालेज से सूचना मिली कि अवध किशोर कुशवाह 77 वर्ष निवासी मालगुजार परिसर गोहलपुर को सड़क दुर्घटना में घायल होने के कारण बेटी द्वारा 29 नवंबर […]

You May Like