इंदौर: प्रदेश में एक बार फिर ठंड का दौर शुरू हो गया है. तीन दिन की गर्मी के बाद कल रात शहर का तापमान 4 डिग्री गिरकर न्यूनतम 9 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं अधिकतम तापमान भी 3 डिग्री गिरकर 26 डिग्री दर्ज हुआ.तीन दिन गर्मी का अहसास करा कर शीत लहर फिर से लौट आई है. प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री गिर गया है.
प्रदेश में नौगांव (छतरपुर) रात का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज हुआ है. इसके साथ पचमढ़ी में भी 7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. प्रदेश में रात का सबसे अधिक तापमान 14.5 डिग्री रतलाम में रहा है. वही दिन का सबसे अधिक तापमान खरगोन 29.8 दर्ज हुआ है. इंदौर की बात करें तो इंदौर में कल रात का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है. वहीं दिन के तापमान में गिरावट आई है और 3 डिग्री गिरकर 26.6 डिग्री दर्ज हुआ है.
