जबलपुर: शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की कंप्यूटर साइंस छात्रा ऐश्वर्या विश्वकर्मा ने गांधी नगर, गुजरात में आयोजित इंडिया स्किल रीजनल कॉम्पटीशन (वेस्टर्न रीजन) में मैडेलियन फॉर एक्सीलेंस अवॉर्ड जीतकर जबलपुर और मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया। राज्य स्तर पर सफलता पाने के बाद ऐश्वर्या ने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया और क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इस सफलता पर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने ऐश्वर्या को प्रशस्ति पत्र और मेडल से सम्मानित किया।
ऐसी रही प्रतियोगिता की यात्रा
बोर्ड जिला स्तर से शुरू हुई प्रतियोगिता में चयनित होने के बाद ऐश्वर्या ने भोपाल में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। यहाँ उसे “स्मार्ट सिटी” विषय पर एक वेब एप्लीकेशन तैयार करने का कार्य दिया गया। निर्धारित समय में उसने स्थानीय पर्यटन स्थलों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों की जानकारी सहित एक कार्यशील एप्लीकेशन तैयार किया। ऐश्वर्या ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक पदक नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है। उसका लक्ष्य ऐसे सॉफ्टवेयर समाधान विकसित करना है, जो समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत कर सकें। न्यू रामनगर, अधारताल निवासी ऐश्वर्या ने स्कूल की शिक्षा वाणिज्य संकाय से पूरी की, लेकिन प्रोग्रामिंग में रुचि को देखते हुए उसने पॉलिटेक्निक में प्रवेश लिया।
