हम आखिर में नर्वस थे: केएल राहुल

रांची (वार्ता) भारतीय टीम के कप्तान केएल राहुल ने दक्षिण अफ्रीका पर मिली 17 रनों की जीत को लेकर कहा कि हम आखिरी में नर्वस थे लेकिन गेंदबाजों ने अपनी योजनाओं पर अमल करते हुए सफलता हासिल की।

दक्षिण अफ्रीका को रोमांचक मुकाबले में 17 रनों से हराने के बाद केएल राहुल ने कहा, “अगर मैं कहूं कि हम आख़िर में नर्वस नहीं हुए थे तो यह झूठ होगा। हम वनडे क्रिकेट काफी समय बाद खेल रहे थे। लेकिन हम लगातार विकेट लेते रहे और हमारे गेंदबाजो ने अपनी योजनाओं पर टिके रहकर गेंदबाज़ी की। उन्होंने हमे दबाव में रखा और लगातार वापसी करते रहे। नंबर छह पर बल्लेबाजी करना ठीक है और मुझे टीम के लिए काम करना है। यही भूमिका मुझे पिछली 2-3 सीरीज में दी गई है। रोहित और कोहली को ऐसे खेलते देखना हमेशा बेहतरीन होता है। उन्होंने विपक्षी टीम को दबाव में रखा और बताया कि वे इतने बड़े खिलाड़ी क्यो है। मैं इस चीज को काफी समय से देख रहा हूं, ड्रेसिंग रूम में उनके साथ रहना और भी ज़्यादा मजेदार होता है।”

स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने कहा, “जब मैं पहले स्पेल के बाद वापस आया, तो मेरी बात के.एल. (राहुल) से हुई। हम आक्रामक रहना चाहते थे, भले ही गेंदबाज़ी करना मुश्किल था, क्योंकि विकेट ज़रूरी थे। मैं स्क्रैंबल सीम और सीम-अप को मिक्स कर रहा था। बस कोशिश थी कि लेंथ थोड़ी पीछे रखूं। फुल लेंथ पर मारना आसान था। (34 ओवर के बाद एक गेंद का नियम) काफ़ी चुनौती भरा है। गेंद बहुत ज़्यादा गीली हो रही थी। हम बार-बार धूल लगा रहे थे और अंपायर से गेंद बदलने के लिए कह रहे थे। बॉश और यानसन ने बेहतरीन पारियां खेलीं, लेकिन हमें बस एक विकेट चाहिए था। मैंने कुछ गेंदें हवा में धीमी भी फेंकीं, लेकिन सिर्फ स्टॉक बॉल पर भरोसा नहीं कर सकते, वैरिएशन भी बहुत ज़रूरी है, ताकि बल्लेबाज़ सिर्फ़ अनुमान लगाता रहे। यही सोचकर मैंने स्टंप टू स्टंप गेंदबाज़ी की। यानसन हर जगह मार रहा था और अच्छी गेंद भी बाउंड्री जा रही थी। लेकिन क़िस्मत ने साथ दिया, उसका विकेट मिला और मैच पलट गया।

 

Next Post

लिफ्ट ली, शराब पिलाई और बाइक, मोबाइल, नगदी लूटकर ले गए

Mon Dec 1 , 2025
जबलपुर: मझौली थाना अंतर्गत सिहोरा रोड पर अंग्रेजी शराब दुकान के पास दो बदमाशों ने पहले एक ड्राईवर से लिफ्ट मांगी। इसके बाद दोस्ती बढ़ाई और शराब पिलाई। इसके बाद रास्ते में उसे उतार दिया और उसका मोबाइल, पर्स, नगदी समेत बाइक लूटकर फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक विनोद रजक […]

You May Like

Play sound