देशी शराब फर्जी चालान घोटाले में ईडी ने 70 करोड़ की 28 संपत्तियां की जब्त

इंदौर. शहर में देशी और विदेशी शराब चालानों के फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 करोड़ की 28 संपत्तियों को जब्त कर लिया है. यह कार्रवाई सरकारी खजाने को हुए करोड़ों रुपए के नुकसान के मामले में की गई.

प्रवर्तन निदेशालय की अधिकृत जानकारी के अनुसार इंदौर सब-ज़ोनल कार्यालय ने 28 नवंबर 2025 को देशी शराब फर्जी चालान घोटाले में 28 संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त करने का आदेश जारी किया. इन संपत्तियों में इंदौर, मंदसौर और खरगोन में स्थित फ्लैट और जमीन शामिल हैं. जब्त की गई संपत्तियों का वर्तमान बाजार मूल्य 70 करोड़ रुपए से अधिक बताया है. ईडी की जांच उस एफआईआर पर आधारित है, जो रावजी थाना, इंदौर में विभिन्न शराब ठेकेदारों के खिलाफ दर्ज की गई थी.

आरोपियों ने चालानों में धोखाधड़ी कर सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चालानों में “अंकों में राशि” और “शब्दों में राशि” के फील्ड का गलत इस्तेमाल किया. पहले उन्होंने कम राशि जमा कर दी, फिर बाद में शब्दों में राशि को बढ़ाकर दाखिल किया और यह चालान संबंधित कंट्री लिकर गोदाम या जिला एक्साइज कार्यालय में जमा करवा कर अतिरिक्त शराब स्टॉक हासिल किया. जांच में यह भी पता चला कि राजू दशवंत, अंश त्रिवेदी और अन्य ठेकेदार इस फर्जीवाड़े में शामिल थे. प्रवर्तन निदेशालय ने पहले ही मुख्य आरोपियों राजू दशवंत और अंश त्रिवेदी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. ईडी अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित ठेकेदारों की संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

मप्र विधानसभा का सत्र कल से,अध्यक्ष तोमर ने तैयारियों का लिया जायजा

Sun Nov 30 , 2025
भोपाल। मध्य प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का सत्र कल से आरंभ होकर 5 दिसंबर तक चलेगा। आज विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सत्र की तैयारियों का जायजा लिया एवं सत्र के सुचारू रूप से संचालन हेतु अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस पांच दिवसीय सत्र में सदन की कुल […]

You May Like