सतना और रीवा मिलकर विकसित जिले की नई इबारत लिखेंगे-राजेन्द्र शुक्ल

सतना:प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सतना बहुत तेजी से विकास पथ पर आगे बढ रहा है। सतना और रीवा दोनों जुड़वा भाई की तरह है। आगामी समय में सतना और रीवा दोनों ही जिले मिलकर पूरे देश में विकसित शहर की नई इबारत लिखेंगे। उप मुख्यमंत्री शनिवार को सतना के बीटीआई ग्राउण्ड में सतना गौरव दिवस की प्रथम सांस्कृतिक संध्या के शुभारंभ अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, विधायक रामपुर बघेलान विक्रम सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, आयुक्त नगर निगम शैलेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, विंध्य चेम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा, उपाध्यक्ष जिला पंचायत सुस्मिता सिंह, स्मार्ट सिटी के डायरेक्टर महेन्द्र पाण्डेय, उपायुक्त नगर निगम सत्यम मिश्रा, बाबा सत्यनारायण मौर्य, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय सहित सतना शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सतना गौरव दिवस की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल श्री गणेश के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर किया। उन्होंने कहा कि सतना और रीवा सहित पूरा विंध्य हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। विंध्य क्षेत्र में बाणसागर और बरगी का सिंचन जल, तीन सौ प्रकार की वन्यप्राणी युक्त मुकुन्दपुर का जू, मेडीकल कॉलेज अस्पताल, सतना और रीवा में हवाई अड्डा और हवाई यातायात सहित सतना से चित्रकूट और मैहर तक हजारों करोड की फोरलेन सड़के बन रही है।

स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट भी पूरे हो रहे है। इसके अलावा ललितपुर-सिंगरौली रेल्वे लाइन का कार्य भी तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरगी का पानी सतना आने के बाद सतना के विकास में नई चमक आयेगी और सभी प्रोजेक्ट के पूरे होने पर अगले दो साल में सतना का स्वरूप विकसित जिले की तरह दिखाई देगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी उपलब्धियों पर गर्व होना चाहिए और अपने इस गौरव पर खुशी और उत्सव भी मनाना चाहिए। सतना जिले में चौथे गौरव दिवस के आयोजन पर शहर वासियों को शुभकामनायें देते हुए उन्होंने आयोजकों को बधाई दी।
नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि सतना में चित्रकूट और मैहर जिले की मां शारदा की आध्यात्मिक शक्ति के साथ पर्यावरण से परिपूर्ण मुकुन्दपुर सफारी हमारे क्षेत्र की विशेष पहचान है। सतना विकास कार्यो के मामले में जिस गति से आगे बढ रहा है। उससे आने वाले समय में सतना की पहचान अलग बनेगी। सतना वासियों को गौरव दिवस की शुभकामनाये देते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि सतना को विकसित बनाने में सब लोग अग्रणी होकर प्रयास करें।

महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि सतना नगर निगम का यह गौरव दिवस लगातार चौथा आयोजन है। जिसे गौरवमयी बनाने का प्रयास निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत कम्युनिटी हाल, नारायण तालाब और व्यवसायिक प्रशिक्षण केन्द्र का लोकार्पण आज गौरव दिवस के अवसर पर हुआ है। इसके पूर्व सतना शहर को आईएसबीटी, क्रिकेट स्टेडियम तथा मेडीकल कॉलेज में 650 बिस्तरीय अस्पताल की सौगात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दे चुके है। कार्यक्रम में सतना नगर निगम की साढे तीन वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित विकास पत्रिका प्रगति पथ के तीन वर्ष का विमोचन भी उप मुख्यमंत्री ने किया। सतना गौरव दिवस की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में विख्यात विचारक एवं चिंतक बाबा सत्यनारायण मौर्य ने देशभक्ति के तराने, चित्रकारी और व्याख्यान ओजस्वी रूप से प्रस्तुत किये।

Next Post

अंधे कत्ल को अंजाम देने वाले को आजीवन कारावास

Sun Jan 25 , 2026
सतना: विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट अमर सिंह सिसोदिया, अष्टम अपर सत्र न्यायालय ने आरोपी राजेश रजक तनय जनार्दन रजक (38) निवासी नयागांव थाना सभापुर को धारा 302, 201, 362 आईपीसी में आजीवन कारावास एवं 14000 रुपए अर्थदंड से दंडित किया है। मामले में राज्य की ओर से सहायक निदेशक नरेश […]

You May Like