
इंदौर: शहर में लगातार बढ़ रही चोरियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एरोड्रम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस की टीम ने इलाके में सक्रिय एक शातिर चोर को पकड़कर चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया है.पुलिस उपायुक्त कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि थाना प्रभारी तरुण भाटी के नेतृत्व में बनाई गई विशेष टीम ने हाल ही में दर्ज चोरी के मामलों की जांच को तेजी से आगे बढ़ाया.
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक दोपहिया वाहन एमपी 09 एमवाई 0844 संदिग्ध रूप से दिखाई दिया. तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान 37 वर्षीय ओमप्रकाश पिता अम्बाराम सुगालिया निवासी 612 महात्मा गांधी मार्ग, इंदौर के रूप में की. उस पर दबिश दी गई और उसे हिरासत में लेकर आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयोग में लाई गई दोपहिया वाहन जप्त किया है.
वहीं, आरोपी से पूछताछ के दौरान चोरी गए सोने के आभूषण चैन, नेकलेस, टॉप्स, अंगूठी आदि की बरामदगी की संभावना जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि अभियान क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं की रोकथाम को लेकर जारी रहेगा और इस गिरफ्तारी से कई अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है.
