बुधनी। तहसील कार्यालय के सामने शुक्रवार शाम कऱीब 5.30 बजे दो पक्षों में विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने दूसरे पर पिस्टल तान दी. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी. खबर लिखे जाने तक दोनों पक्ष थाने में बैठाए गए थे.
सूत्रों के अनुसार दोनों व्यक्ति सेना से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं और एक पेट्रोल पंप के पार्टनर हैं. पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीचविवाद चल रहा था. शुक्रवार को वे किसी दस्तावेज की नोटरी कराने तहसील कार्यालय पहुंचे थे, जहां लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई इसी दौरान एक व्यक्ति ने पिस्टल निकालकर सामने वाले पर तान दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई है. एसडीओपी रवि शर्मा भी थाने पहुँचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर जांच शुरू की है. समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्ष थाने में मौजूद थे. पुलिस उनके बयान दर्ज कर रही थी.
