भोपाल। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिन्सी स्थित स्लॉटर हाउस का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आने का दावा किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने पाया कि जहाँ सामने का मुख्य द्वार सीलबंद दर्शाया गया था, वहीं पीछे का गेट खुला मिला। इससे यह संकेत मिला कि प्रशासन को गुमराह करते हुए पीछे के रास्ते से अनैतिक और अवैध गतिविधियाँ संचालित की जा रही थीं।
निरीक्षण के दौरान स्लॉटर हाउस संचालक असलम चमड़ा का निजी वाहन तथा नगर निगम के वाहन परिसर के बाहर खड़े पाए गए। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का यह भी आरोप है कि निरीक्षण की सूचना मिलते ही महत्वपूर्ण फाइलों, दस्तावेज़ों और अन्य साक्ष्यों को नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के हस्तक्षेप के बाद स्लॉटर हाउस को तत्काल प्रभाव से पूर्णतः सील करा दिया गया, ताकि आगे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न हो सके और साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकी जा सके।
कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण को प्रशासनिक लापरवाही और संभावित मिलीभगत का परिणाम बताते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्टी नेताओं ने कहा कि दोषियों की जवाबदेही तय की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस महासचिव अमित शर्मा, मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जनता के स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और पारदर्शिता के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और इस मुद्दे पर आंदोलन जारी रहेगा।
