
इंदौर. सेंट्रल स्कूल ऑफ वेपन्स एंड टैक्टिक्स, बीएसएफ में आयोजित 15वीं इंटर फ्रंटियर बैडमिंटन प्रतियोगिता-2025 का समापन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ. चार दिनों तक चली इस चैम्पियनशिप में देशभर से आई बीएसएफ टीमों के 200 से अधिक खिलाडिय़ों ने 18 स्पर्धाओं में अपना कौशल दिखाया.
समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी और महिला हॉकी टीम के चर्चित कोच मीर रंजन नेगी रहे. महानिरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने उनका स्वागत किया. समापन कार्यक्रम में बीएसएफ परिवारों सहित शहर के नागरिकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही और 300 से अधिक लोग शामिल हुए. आईजी आलोक कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिस्पर्धाएं राष्ट्रीय स्तर के लिए प्रतिभाओं के चयन का मार्ग प्रशस्त करती हैं और भविष्य के खिलाडिय़ों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं. मुख्य अतिथि मीर रंजन नेगी ने खिलाडिय़ों को खेल में निरंतरता और समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी. चार दिवसीय इस प्रतियोगिता के समापन के साथ विजेताओं को पुरस्कृत किया और अगले सत्र की तैयारियों का संदेश भी दिया.
