पांढुरना। मध्य प्रदेश के पांढुरना जिले में शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नागपुर से बैतूल जा रही एक यात्री बस ग्राम सिवनी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पास के खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में 27 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालकर मिनी ट्रक और अन्य वाहनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कई महिलाएं भी शामिल हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खेत में पलट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
