कान्हा नेशनल पार्क की ग्वारा हवाई पट्टी से पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा की पहली उड़ान 

मंडला। पर्यटन को नई गति देने और आम नागरिकों को हवाई सुविधा से जोडऩे के उद्देश्य से शुरू की गई प्रधानमंत्री श्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ मंडला जिले में शानदार अंदाज में हो चुका है। इस विशेष सेवा के तहत शुक्रवार को कान्हा नेशनल पार्क स्थित ग्वारा हवाई पट्टी से पहली उड़ान भरकर जिले के यात्रियों ने एक नया इतिहास रच दिया है।

जानकारी अनुसार कान्हा से बाधवगढ़ के लिए उड़ान भरने वाले पहले यात्री मंडला निवासी अमित गुरुवानी और उनके मित्र रहे, जिन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार होकर रोमांचक यात्रा का आनंद उठाया। उड़ान के दौरान पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए और उन्होंने इस अनुभव को अविस्मरणीय बताया।

बताया गया कि यात्रियों ने इस सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि कान्हा जैसे विश्व प्रसिद्ध टाइगर रिजर्व से आकाश के रास्ते पर्यटन का रोमांच बिल्कुल अलग है और यह सुविधा मंडला के पर्यटन परिदृश्य को एक नई ऊँचाई देगी। यात्रियों ने जिले और आसपास के पर्यटकों से अपील की है कि वे परिवार और मित्रों संग इस सेवा का लाभ लें और बांधवगढ़, मैहर, पचमढ़ी, अमरकंटक जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का खूबसूरत नजारा हवा से देखने का आनंद उठाएं।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल:

बताया गया कि मंडला में 20 नवंबर से पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा की शुरुआत हो चुकी है। इसका मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बीच तेज, सुरक्षित, आधुनिक और रोमांचक आवागमन उपलब्ध कराना है, जिससे यहाँ आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके। पर्यटन विकास के साथ यह कदम स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। लोगों में इस सेवा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में उड़ानों की संख्या और यात्री सुविधा बढऩे की उम्मीद है।

Next Post

बार एसोसिएशन ने लिखा पत्र, लिस्टिंग और रोस्टर के संबंध में उठाई शिकायतें

Fri Nov 28 , 2025
जबलपुर। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन ने मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र लिखा, जिसमें मामलों की सूची और रोस्टर प्रबंधन से संबंधित कई चिंताओं पर प्रकाश डाला गया। पत्र में कहा गया है कि पर्ची ड्रॉप बॉक्स की पिछली प्रणाली ने अधिवक्ताओं को अपनी अदालत की पर्ची का उपयोग […]

You May Like

मनोरंजन