मध्यप्रदेश : रायसेन में मासूम से दुष्कर्म का आरोपी भोपाल से गिरफ्तार

भोपाल, रायसेन, 28 नवंबर (वार्ता) पिछले लगभग एक सप्ताह से मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और उससे सटे रायसेन जिले में लगातार पुलिस को चकमा दे रहा गौहरगंज दुष्कर्म का आरोपी सलमान खान आखिरकार वारदात के एक हफ्ते बाद राजधानी भोपाल की पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

आरोपी गुरुवार देर रात लगभग साढ़े 11 बजे भोपाल के गांधीनगर से पकड़ में आ गया। पुलिस से पूछताछ में उसने दावा किया कि वो जंगल के रास्ते पैदल आया है, जिसके बाद रायसेन की गौहरगंज पुलिस उसे अपने साथ ले गई। गांधीनगर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गौहरगंज पुलिस के हवाले कर दिया है। आगे की कार्रवाई गौहरगंज में ही की जाएगी।

गौहरगंज में पिछले शुक्रवार को आरोपी द्वारा छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इसके बाद से आरोपी फरार था। हालांकि दो दिन पहले उसके दो सीसीटीवी फुटेज सामने आए थे, जिसमें वो घटना के बाद एक स्थानीय दुकान से सिगरेट खरीदता हुआ दिखाई दे रहा था। इसके बाद ये भी दिखा था कि लोगों ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वो जंगल की ओर भाग गया।

पिछले लगभग एक सप्ताह से ये मामला राजधानी भोपाल और रायसेन के प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का सबब बना हुआ था। पुलिस की लापरवाही और मामले में हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों के जनाक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दो दिन पहले रायसेन पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय को हटा दिया था। इसके बाद नवागत एसपी आशुतोष गुप्ता ने कल ही घटना स्थल गांव पांजरा जाकर दुष्कर्म की पीड़िता के घर जाकर उनके परिजन से मुलाकात की थी। उन्होंने उन सभी स्थानों का मुआयना भी किया था, जहां से आरोपी के भागने की आशंकाएं व्यक्त की गईं थीं।

इसके पहले बुधवार को 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में सकल हिंदू समाज द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान कुछ लोगों ने पथराव भी किया, हालांकि पुलिस प्रशासन ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर शांति व्यवस्था बहाल कर दी थी।

इसी बीच दुष्कर्म की शिकार बच्ची अब भी राजधानी भोपाल के एम्स में भर्ती है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

 

Next Post

कार्गो में धुएं के संकेत के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लौटा एयर इंडिया का विमान, सुरक्षित लैंडिंग

Fri Nov 28 , 2025
नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से गुरुवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एयर इंडिया का एक विमान कार्गो में धुएं के संकेत के बाद वापस लौट आया। प्राप्त सूचना के अनुसार, उड़ान संख्या एआई 2939 दिल्ली से अहमदाबाद जा रही थी। एयर […]

You May Like