
सीधी। थाना जमोड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त रक्तरंजित कुल्हाड़ी एवं कपड़े जब्त कर लिया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में व थाना प्रभारी जमोड़ी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना जमोड़ी पुलिस ने हत्या के एक गंभीर प्रकरण का शीघ्र खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दिनांक 26 जून 2026 को थाना जमोड़ी क्षेत्र के ग्राम हड़बड़ो बघड़ा टोला में बृजभान अगरिया 50 वर्ष पर रात में सोते समय धारदार कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घायल को उपचार हेतु जिला अस्पताल सीधी से एसजीएमएच रीवा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। विवेचना में पाया गया कि मृतक एवं आरोपी रावेंद्र अगरिया 22 वर्ष के बीच पैतृक जमीन के बंटवारे एवं वारिसाना विवाद को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने सोते समय अपने चाचा बृजभान अगरिया पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया। घटना के बाद से फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार संभावित ठिकानो पर पुलिस टीम द्वारा दबिश दी जा रही थी किंतु आरोपी लगातार अपनी लोकेशन परिवर्तित कर रहा था। अंततः थाना प्रभारी जमोड़ी के अथक प्रयास से पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बेलमानी के जंगल से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से रक्तरंजित कुल्हाड़ी एवं घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी में उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक गुरु प्रसन्न, रावेंद्र सिंह, आरक्षक अभिषेक तेंदुलकर, के.पी. सिंह, आजाद, महिला आरक्षक सविता, कृति एवं चालक अशोक की सराहनीय भूमिका रही।
