एएसआई हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

अमृतसर, 20 सितंबर (वार्ता) पंजाब पुलिस के एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के मामले में वांछित आरोपियों में से एक दीपक सिंह शनिवार देर रात अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया।

पुलिस के अनुसार दीपक अमृतसर के मुलेचक गांव का रहने वाला था और एएसआई की हत्या में शामिल दो संदिग्धों में से एक था।

पुलिस ने बताया कि कल रात करीब 9.45 बजे नाके पर स्कूटर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की और अगले नाके की ओर भाग गए। वहां भी उन्होंने पुलिस पर चार गोलियां चलायीं, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान इस्लामाबाद थाना क्षेत्र में दीपक को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट, टावर डंप विश्लेषण और स्थानीय स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर दीपक की पहचान संदिग्ध के रूप में हुई थी। पुलिस ने उसके कब्जे से .30 बोर की पिस्तौल, दो मैगजीन में आठ कारतूस, मोबाइल फोन और कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल स्कूटर बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस ने बताया कि दूसरा संदिग्ध मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है। एएसआई हरजीत सिंह की गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात भगतांवाला अनाज मंडी इलाके में ड्यूटी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

 

Next Post

सम्राट ने रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं

Sun Sep 20 , 2026
पटना, 20 सितंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के स्थापना दिवस पर बल के सभी कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और रेल यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे संपत्ति की रक्षा में उनके योगदान की सराहना की है। श्री चौधरी ने आज ‘एक्स’ […]

You May Like