
शाजापुर। शाजापुर विधानसभा में विकास कार्य की झड़ी लगी हुई है. पिछले दिनों 10 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण मुख्यमंत्री ने किया था और आज शहरवासियों के लिए शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने फोरलेन की नई सौगात का भूमिपूजन पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह से कराया. शाजापुर शहर को ये फोरलेन दो साल में सौगात के रूप में मिलेगा, जिसकी लागत 106 करोड़ है. साथ ही दो बड़े पुल मां राजराजेश्वरी मंदिर के यहां बनेंगे, जिससे जाम से भी निजात मिलेगी.
गौरतलब है कि शाजापुर शहर के पुराने हाईवे को अब नए फोरलेन में परिवर्तित किया गया है, जो सनकोटा जोड़ से शुरू होकर टुकराना जोड़ तक लगभग 10 किमी का बनाया जाएगा. साथ ही इस पर दो पुलों का निर्माण भी किया जाएगा. भूमिपूजन करने आए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मां राजराजेश्वरी मंदिर परिसर में संबोधित करते हुए कहा कि शाजापुर विधानसभा में सडक़ों का जाल बिछाया जाएगा. कोई भी गांव सडक़ से वंचित नहीं होगा. सडक़ की गुणवत्ता हमारी पहली प्राथमिकता है. शाजापुर का फोरलेन भी गुणवत्ता के साथ समयसीमा में बनकर तैयार होगा. लोक निर्माण विभाग लोक कल्याण के लिए काम कर रहा है. इस अवसर पर शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के रोड को लेकर एक मांग पत्र मंत्री को सौंपा. कार्यक्रम का संचालन भाजपा नगर अध्यक्ष आशीष नागर ने किया. कार्यक्रम में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष, सभी मंडल अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे, योगेंद्र सिंह बंटी बना, जिला भाजपा के अधिकांश पदाधिकारी, नपाध्यक्ष व पार्षदगण मौजूद थे.
शाजापुर को बड़ी सौगात…
शाजापुर के सौंदर्यीकरण को लेकर बीते तीन दशकों में कभी भी किसी जनप्रतिनिधि ने नहीं सोंचा. अरुण भीमावद ने शहर के फोरलेन और सौंदर्यीकरण को लेकर आज भूमिपूजन कराया. आने वाले सालों में शाजापुर शहर भी महानगर की तर्ज पर नजर आएगा. जेल चौराहे पर स्वागत द्वार का भी निर्माण कराया जा रहा है. भैरव डंूगरी पर 131 फीट ऊंची हनुमान जी की मूर्ति बनाई जा रही है. इनके अलावा अन्य विकास कार्यों का भी शाजापुर विधानसभा में लोकार्पण एवं भूमिपूजन हो गया है.
