इंदौर: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर बुधवार को अचानक द्वारिकापुरी थाने पहुंचे. बिना पूर्व सूचना के किए गए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूरी थाने की व्यवस्था, स्टाफ की उपस्थिति और लंबित प्रकरणों की स्थिति का विस्तार से आकलन किया.निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने रिकॉर्ड रख-रखाव, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, आवेदकों की सुनवाई और कर्मचारियों की कार्यशैली की बारीकी से जांच की.
उन्होंने पाया कि कई जगह फील्ड की सक्रियता को और बढ़ाने की जरूरत है. कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र के कुख्यात और सक्रिय बदमाशों पर लगातार दबाव बनाया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस की मौजूदगी और सक्रियता अपराध नियंत्रण की सबसे मजबूत कड़ी है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का फील्ड में नियमित रूप से रहना अनिवार्य है.
नाके, पेट्रोलिंग और चेकिंग को गंभीरता और निरंतरता के साथ किया जाए, ताकि क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति बनी रहे. उन्होंने यह भी कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. थाने में लंबित मामलों की समयबद्ध समीक्षा कर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए
