अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की जमीनी पड़ताल करने एसपी उतरे सड़क पर 

दमोह. पुलिस अधीक्षक सोमवंशी ने आज शाम को शहर की मुख्य सड़कों पर स्वयं उतरकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने न केवल विभिन्न चौराहों पर पुलिस तैनाती और गश्त व्यवस्था की समीक्षा की, बल्कि आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने.बतादे कि कोतवाली चौराहा से पैदल चलकर अस्पताल चौराहा होते हुए अस्पताल का निरीक्षण किया. साथ ही घंटाघर, एवरेस्ट लाज,बस स्टैंड होते हुए कोतवाली चौक वापस पहुंच कर पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया, सीएसपी एच आर पांडे, टीआई कोतवाली मनीष कुमार, टीआई देहात रचना मिश्रा, टीआई यातायात दलबीर सिंह मार्को, आरआई सूबेदार अभिनव साहू, सब इंस्पेक्टर नीतीश जैन, महिला थाना प्रभारी प्रियंका पटेल सहित पुलिस बल मौजूद रहा.

 

अपराध रोकथाम पर फोकस

 

एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अचानक पहुंचकर पेट्रोलिंग दलों की उपस्थिति, रात्रि गश्त, सीसीटीवी कवरेज और बीट प्रणाली की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संदिग्ध व्यक्तियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. पुलिस अधीक्षक ने थाने और चौकियों के प्रभारी अधिकारियों से हाल के अपराधों, लंबित प्रकरणों और वारंट तामिली की प्रगति की जानकारी ली.उन्होंने निर्देशित किया कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता में रखकर गश्त रूट और समय सारिणी तय की जाए.

 

*यातायात चालान और जागरूकता अभियान*

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सोमवंशी ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर प्रमुख चौराहों पर वाहन चेकिंग में हिस्सा लिया और बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, बिना सीट बेल्ट, गलत पार्किंग व अन्य नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की. उन्होंने चालान की कार्रवाई को केवल दंडात्मक न मानते हुए इसे सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम बताया.एसपी ने दोपहिया वाहन चालकों से कहा कि हेलमेट और चार पहिया चालकों के लिए सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अनिवार्य हैं. साथ ही उन्होंने माता-पिता और अभिभावकों से अपील की कि नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन न सौंपें और स्कूल-कॉलेज के समय पर विशेष सावधानी बरतें.

 

आमजन से सीधा संवाद

गश्त के दौरान एसपी ने बाजार क्षेत्र, बस स्टैंड, मुख्य चौराहों और आवासीय इलाकों में रुककर स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, ऑटो व बस चालकों से सीधे बातचीत की.लोगों ने ट्रैफिक जाम, गलत पार्किंग, कुछ स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की कमी जैसी समस्याएं साझा की.एसपी ने मौके पर ही नगर और यातायात पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने लोगों को प्रोत्साहित किया कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि, संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचें.

 

पुलिस–जन सहयोग की अपील

 

अपने निरीक्षण और संवाद के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री सोमवंशी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और दुर्घटना रोकथाम तभी प्रभावी हो सकती है, जब पुलिस और जनता दोनों साझेदारी के भाव से काम करें। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और पुलिस का उद्देश्य लोगों में भय नहीं, बल्कि विश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा करना है. यह भी कहा कि आने वाले दिनों में शहर और बाहरी क्षेत्रों में ऐसे संयुक्त अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, जिनमें अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ आम नागरिकों को कानून, अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया जाएगा.

Next Post

ठंड में भी डेंगू के प्रकोप ने बढ़ाई चिंता, जीरापुर तहसील में आया डेंगू पॉजिटिव का मामला

Wed Nov 26 , 2025
ब्यावरा। प्राय: ठंड के मौसम में डेंगू पॉजिटिव के मामले नहीं के बराबर रहते है किंतु इस बार ठंड की दस्तक के बावजूद डेंगू पॉजिटिव के मामले थमने का नाम नहीं ले रह है. बुधवार को जीरापुर तहसील में एक डेंगू पॉजिटिव का मामला सामने आया. गौरतलब है कि ठंड […]

You May Like