
इंदौर. बंगाली चौराहा क्षेत्र में दोपहर एक चलती क्रेटा अचानक आग की चपेट में आ गई. चालक ने समय रहते वाहन रोककर बाहर छलांग लगा दी, जिससे जनहानि होने से बच गई. मौके पर कुछ ही पलों में अफरा-तफरी मच गई. कैसे तैसे आस-पास के लोगों ने आग पर काबू पाया.
कनाडिया रोड से पलासिया की ओर आ रही क्रेटा कार नम्बर एमपी 09 डब्ल्यू जे 6914 में आज दोपहर अचानक आग लग गई. वाहन के आगे के हिस्से से धुआँ उठता देख चालक तुरंत नीचे उतर गया. घटना के दौरान चौराहे पर मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर भीड़ जमा होने लगी, कई लोग वीडियो बनाते भी नजर आए. सवीद नगर निवासी सोनू दीवान, उनके साथियों और आसपास काम कर रहे राजगीरों ने पास ही स्थित फिंगर फैक्ट्री ऑफिस से बोरिंग का पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की. लगातार प्रयासों से लपटों को काफी हद तक काबू कर लिया. सूचना मिलने पर एसीपी खजराना कुंदन मंडलोई, खजराना और तिलक नगर थाने की टीमें मौके पर पहुँचीं. पुलिस ने चौराहे पर ट्रैफिक रोककर गाड़ी को किनारे लगवाया. इसके बाद फायर ब्रिगेड और नगर निगम जोन-19 का टैंकर भी पहुंच गया. एसीपी का ने बताया कि फिलहाल किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है, ट्रैफिक पुलिस ने जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया.
