नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) दिल्ली थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल के भाव स्थिर रहे। चीनी में भी टिकाव रहा। आवक बढ़ने से गेहूं में नरमी देखी गयी। दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव रहा। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 3,854.80 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रही। गेहूं तीन रुपये सस्ता हुआ और 2,855.62 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत पांच रुपये बढ़ गयी।
दालों में घट-बढ़ रही। उड़द दाल की औसत कीमत सात रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी। मूंग दाल भी 18 रुपये सस्ती हुई। चना दाल के भाव लगभग गत दिवस के स्तर पर ही रहे। मसूर दाल 11 रुपये और तुअर दाल नौ रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। विदेशों में बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का फरवरी वायदा 65 रिंगिट फिसलकर 3,990 रिंगिट प्रति टन पर आ गया। अमेरिकी सोया तेल का जनवरी वायदा भी 0.67 प्रतिशत टूटकर 50.18 डॉलर बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सरसों तेल औसतन नौ रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। मूंगफली तेल की कीमत भी 19 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सोया तेल के भाव 22 रुपये और सूरजमुखी तेल के 37 रुपये प्रति क्विंटल टूट गये। वनस्पति 77 रुपये और पाम ऑयल 45 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ औसतन तीन रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ जबकि चीनी की कीमत में टिकाव देखा गया।

