सतना: पति के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही महिला के हाथ से झपट्टा मारकर बैग लूट लेने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने दबोचते हुए सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
मैहर जिले के अमदरा थाना प्रभारी के पी त्रिपाठी से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती चंद्रा त्रिपाठी अपने पति उमेश के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर रामपुर बघेलान के झण्ड से शाहनगर की ओर जा रही थीं.
एनएच 30 पर खेरवासनी टोला प्लाजा से पहले रैगवां के पास पीछे से पल्सर बाइक पर सवार 3 बदमाश अचानक आ गए. पल्सर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चलती मोटरसाइकिल से महिला के हाथ पर वार करते हुए उसका बैग छीन लिया. महिला का बैग् छीनने के बाद बाइक सवार बदमाश कटनी की ओर भाग निकले. इस संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए छानबीन शुरु की.
विवेचना के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने 3 आरोपियों को नवल किशोर साहू 25 वर्ष निवासी झांझर रीवा, अंकित देव साकेत 21 वर्ष निवासी रेरुआ पुरवा सोहागी रीवा और आजाद कुशवाहा 19 वर्ष निवासी चिरहुला रोड रीवा को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना को करना स्पीकार कर लिया. जिसके आधार पर आरोपियों के पास से 2 हजार की नकदी और 12 हजार का स्मार्ट फोन बरामद कर लिया गया. इसी कड़ी में घटना में प्रयुक्त पल्स बाइक भी जब्त कर ली गई.
औरंगाबाद में मिली बालिका
मैहर के बदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बालिका अचानक अपने घर से गायब हो गई थी. जिसकी शिकायत पिता द्वारा थाने में 5 मई को की गई थी. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर बालिका की तलाश की जाती रही. इसी कड़ी में साइबर सेल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उसे महाराष्ट्र के औरंगाबाद से खोज निकाला. औपचारिक कार्रवाई के बाद बालिका को उसके परिजनों को सौंप दिया गया.
