रीवा: खाद्य पदार्थो में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिये खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक विभाग ने संभाग स्तरीय उडऩदस्ता दल का गठन किया है जो जिले में आकस्मिक छापामार कार्यवाही कर मिलावट करने वालो पर शिकंजा सकेगा.रीवा, शहडोल संभाग का दल गठित किया गया है जिसके प्रभारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे बनाए गये है. दल रीवा और शहडोल संभाग के जिलो में कार्यवाही करेगा.
निरीक्षण के दौरान उडऩदस्ता दल खाद्य पदार्थो का नमूना एकत्र करेगा. गौरतलब है कि खाद्य एवं पेय पदार्थो में लगातार मिलावट की खबर मिलती रहती है. अभी दीपावली के दौरान जिला स्तर पर खाद्य विभाग की टीम ने कई जगह छापामार कार्यवाही करते हुए नमूने एकत्र किये और जांच के लिये भेजे. कार्यवाही के दौरान कई दुकानो में अमानक मिठाई मिलने के साथ गंदगी आदि पाई गई.
साथ ही गुणवत्ता को लेकर जो मापदण्ड है उसका उल्लंघन पाया गया. कई जगह दुकान सीज करने की भी कार्यवाही की गई. अब आयुक्त कार्यालय खाद्य सुरक्षा से संभागीय उडऩदस्ता दल गठित किया गया है. मिलावट की रोकथाम के लिये सख्ती से कार्यवाही की जाएगी. संभागीय उडऩदस्ता दल के प्रभारी अमरीश दुबे जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीवा बनाए गये है. संभागीय उडऩदस्ता के द्वारा किये गये कार्यो की रिपोर्ट प्रत्येक माह आयुक्त कार्यालय को देनी होगी. जल्द ही संभागीय उडऩदस्ता दल आकस्मिक छापामार कार्यवाही को अंजाम देगा. अब देखना यह है कि मिलावट पर कितनी रोक लगती है और कार्यवाही का क्या असर पड़ता है. यह तो आने वाला समय बताएगा.
