शिवपुरी: शिवपुरी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीमद् भागवत कथा आज सोमवार सुबह से शुरू हो गई। देशभर से बाबा बागेश्वर के भक्तगण शिवपुरी शहर में उमड़ पड़े हैं। शिवपुरी की सभी सड़कों पर जाम की स्थिति है। शहर में सभी तरह के भारी वाहनों एवं बसों के आवागमन को प्रतिबंधित किया गया है। रात में आयोजकों ने घर-घर जाकर पीले चावल बांटे। कथा की शुरुआत से पहले 2500 शंखनाद किए गए।
दावा किया गया है कि इससे गिनीज बुक में दर्ज 2100 शंखनाद का रिकॉर्ड टूटेगा। हजारों श्रद्धालुओं की कार्यक्रम स्थल पर मौजूदगी है। शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। माधव चौक, गुरुद्वारा चौराहा, झांसी तिराहा, ग्वालियर नाका, गुना नाका, आईटीआई तिराहा और स्टेडियम टर्न एरिया में भारी वाहनों पर रोक है। गुरुद्वारा चौराहे से अग्रसेन चौराहे तक वाहनों की पूर्णत: नो-एंट्री है। लुधावली स्थित नर्सरी मैदान में 65 बीघा क्षेत्र में कथा स्थल बनाया गया है।
132×700 फीट का वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है। 100×50 फीट का मुख्य मंच बनाया गया है। दोनों ओर 132×400 फीट के दो बड़े टेंट लगाए गए हैं, जिनमें एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है। भंडारे के लिए 94×200 फीट के दो टेंट बनाए गए हैं। प्रवेश के लिए चार मुख्य गेट बनाए गए हैं। 200 वॉलेंटियर और 1600 सेवादार तैनात किए गए हैं। सीता रसोई में 250 हलवाई रोजाना 35 हजार श्रद्धालुओं का भोजन बना रहे हैं।1000 पुलिसकर्मी, 100 कैमरे तैनात सुरक्षा के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। कथा स्थल और पार्किंग में 100 से अधिक कैमरे लगाए गए हैं। एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। करीब 1000 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात हैं। प्रवेश द्वार पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं, जहां जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है।
