शहर में कॉम्बिंग गश्त: नशे में गाड़ी चलाते 172 चालक पकड़े

इंदौर: शहर में अपराध पर नकेल कसने और सड़क सुरक्षा की निगरानी बढ़ाने के लिए पुलिस ने कल रात बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग गश्त चलाई. इस दौरान प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग की गई, जिसमें शराब के नशे में वाहन चलाते 172 चालकों को पकड़ा. सभी के खिलाफ दस हजार रुपए का कोर्ट चालान बनाया है. इनमें दोपहिया और चारपहिया दोनों तरह के वाहन चालक शामिल हैं.

अभियान के दौरान पुलिस ने हर थाना क्षेत्र के हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी. इसके साथ ही थाना-स्तर की टीमें बदमाशों के घरों पर भी पहुंचीं. एक ही रात में कुल 1070 बदमाशों की जांच की गई. इनमें 207 गुंडे, 58 नकबजन, 123 निगरानी बदमाश, 22 लुटेरे, 100 चाकूबाज और 41 जिलाबदर बदमाश शामिल थे. जांच में पकड़े गए बदमाशों में से 461 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई.

पुलिस पिछले कई दिनों से लगातार शहर में सर्चिंग और धरपकड़ अभियान चला रही है, साथ ही जिलाबदर और बाउंड ओवर की कार्रवाई भी जारी है. वाहन चेकिंग में पकड़े गए 172 नशेड़ी चालकों की संख्या यह साफ दिखाती है कि सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माने के बावजूद शहर में लोग शराब पीकर गाड़ी चलाने की आदत से बाज नहीं आ रहे हैं. पुलिस ने इस पर नाराजगी जताते हुए आगे और कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं.

Next Post

इंदौर में फिटनेस का जश्न: ‘रन इंदौर–वन इंदौर’ में उमड़ा जनसैलाब

Sun Nov 23 , 2025
इंदौर:स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित ‘रन इंदौर–वन इंदौर : रन विथ मेयर’ मैराथन में रविवार सुबह शहर ने फिटनेस का शानदार माहौल देखा गया. तीन, पांच और सात किमी की श्रेणी में 20 हजार से ज्यादा लोगों ने दौड़ लगाई, वहीं दिव्यांग धावकों ने अपने जज्बे से कार्यक्रम का आकर्षण बढ़ा […]

You May Like

मनोरंजन