रक्षा सचिव ने एनसीसी स्थापना दिवस से पहले राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी

रक्षा सचिव ने एनसीसी स्थापना दिवस से पहले राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली 22 नवम्बर (वार्ता) रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने शनिवार को यहां राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर एनसीसी की ओर से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि एनसीसी रविवार को अपना 78वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है जिसके उपलक्ष्य में देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की शुरुआत करते हुए आज राष्ट्रीय युद्ध स्मारक एक भव्य पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया जिसमें एनसीसी की ओर से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

तीनों सेनाओं की तीन एनसीसी बालिका कैडेटों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के वीरों के सम्मान के लिए वरिष्ठ नेतृत्व के साथ शामिल हुईं। समारोह के बाद रक्षा सचिव, एनसीसी महानिदेशक और उपस्थित लोगों ने दिल्ली के विभिन्न स्कूलों से आए एनसीसी कैडेटों की बैंड प्रस्तुति देखी जिसने इस स्मृति समारोह को और भी भव्य बना दिया। वर्ष 1948 में केवल 20 हजार कैडेटों के साथ शुरू हुई एनसीसी आज 20 लाख कैडेटों के साथ विश्व का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन है। इसमें 2014 और 2025 के बीच 6 लाख कैडेटों की वृद्धि देखी गयी है। आज इसकी उपस्थिति देश के 780 जिलों में से 713 तक फैली हुई है, जिससे यह देश में सबसे व्यापक प्रतिनिधित्व वाले युवा संगठनों में से एक बन गया है।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कैडेटों ने रक्तदान अभियान, वृक्षारोपण गतिविधियां, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान और नशा मुक्ति अभियान के तहत नशा-विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों जैसी कई जन-सेवा पहलों के माध्यम से इस दिवस को मनाया। इन प्रयासों ने सामुदायिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व पर एनसीसी के निरंतर ध्यान को प्रदर्शित किया। रक्षा सचिव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में एनसीसी के योगदान की सराहना की। उन्होंने आपदा मित्र आपदा-प्रतिक्रिया प्रशिक्षण, एनसीसी माउंट एवरेस्ट अभियान और पाठ्यक्रम में ड्रोन एवं साइबर प्रशिक्षण को शामिल करने जैसी प्रमुख पहलों पर जोर दिया।

Next Post

दो दिसंबर से होगा काशी तमिल संगमम

Sat Nov 22 , 2025
नयी दिल्ली 22 नवंबर (वार्ता) शिक्षा मंत्रालय तमिलनाडु और काशी के बीच गहरे सभ्यतागत संबंधों का उत्सव मनाने के लिए दो दिसंबर से काशी तमिल संगमम (केटीएस) 4.0 के चौथे संस्करण का आयोजन करेगा। शिक्षा मंत्रालय की ओर से शनिवार को बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से […]

You May Like