शाहगढ़:शाहगढ़ क्षेत्र के दलपतपुर के समीप ग्राम पापेट में निर्माण कार्य के दौरान खुदाई में खंडित मूर्ति मिलने की सूचना पर स्थानीय प्रशासन ने उसे पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखवा दिया है.मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पापेट में एक समुदाय विशेष के कब्जे वाली जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा था. नीव की खुदाई के दौरान खंडित मूर्ति मिली जिसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को मजदूरों और लोगों के माध्यम से मिली.
जिसके बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खंडित मूर्तियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर सुरक्षित रखवा दिया और पुरातत्व विभाग को सूचित कर मूर्तियों के बारे में जानकारी के लिए बुलाया गया है. जिसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खंडित मूर्तियां कब की हैं. भारतीय पुरातत्व विभाग द्वारा सर्वेक्षण कराया जावे.शाहगढ़ एसडीएम नवीन सिंह ठाकुर ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ पत्थरनुमा आकृतियां मिली हैं, जिनकी जांच के लिए पुरातत्व विभाग को बुलाया गया है.
उन्होंने बताया कि कथित मूर्तियों को पुलिस सुरक्षा में रखवाया जाएगा ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो. अधिकारियों ने यह भी स्पष्टकिया कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, वहां किसी भी तरह का निर्माण कार्य बंद रहेगा. जानकारी के अनुसार जहां पर निर्माण कार्य चल रहा है वहां पर आगे की ओर दुकानें भी संचालित हो रही हैं.
निर्माणधीन स्थल के आसपास भी कमरे या दुकानें बनाई जाना प्रस्तावित हो सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्व में वहां पर मदरसा संचालित होता था जिसके माध्यम से बच्चों को शिक्षा दी जाती थी. अधिकारी जल्द ही पुरातत्व विभाग की टीम से रिपोर्ट मिलने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि यह साफ किया जा सके कि मिले हुए पत्थर वास्तव में प्राचीन मूर्तियां हैं या साधारण पत्थर के टुकड़े हैं.
