
बैतूल। बैतूल जिले में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागवार समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट किया कि शिकायतों को लंबित रखना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में सहकारिता, कृषि, वन, जल संसाधन, श्रम, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, राजस्व, लोक निर्माण विभाग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न विभागों की लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति संबंधी शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर प्रभारी सीडीपीओ सारणी के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही के निर्देश दिए गए, जबकि प्रभारी सीडीपीओ मुलताई का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जीपीएफ प्रकरण लंबित पाए जाने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बैतूल का सात दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित रहने और शिकायतों के निराकरण में कमजोर प्रगति पर जनपद पंचायत चिचोली की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतिभा जैन का वेतन काटने के आदेश दिए गए।
कलेक्टर सूर्यवंशी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन सरकार की प्राथमिकता है और इसमें ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत की व्यक्तिगत समीक्षा कर संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निपटाने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर वंदना जाट सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
