
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय युवा उत्सव के समापन समारोह के दौरान शुक्रवार को अचानक गहमागहमी का माहौल बन गया। छात्र गुटों के बीच हुए विवाद ने समारोह में मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों को हैरान कर दिया। सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय के एक छात्र, जो किसी छात्र संगठन से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं, को बाहर से आए एक छात्र द्वारा अपशब्द कहे जाने पर विवाद शुरू हुआ। बात बढ़ने पर स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उक्त छात्र द्वारा बाहर से आए छात्र को घसीटने और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद शिक्षक एवं अन्य छात्र-छात्राओं ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया, जिससे विवाद होने से टल गया। गौरतलब है कि 21 नवंबर को संपन्न हुए इस अंतर जिला (विश्वविद्यालय स्तर) युवा उत्सव में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ ही अन्य जिलों से आए प्रतिभागी भी उपस्थित थे। समापन दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के बीच अचानक हुए इस विवाद ने माहौल को कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बना दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलने पर स्थिति पर नजर बनाए रखी है और मामले की जांच की जा रही है। आयोजनों के बीच हुई इस अप्रिय घटना को लेकर छात्र समुदाय में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
