सतना:मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मैहर क्षेत्र से एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। मैहर जिला अंतर्गत अमरपाटन विधानसभा के गोरहाई पोलिंग बूथ क्रमांक 200 के बीएलओ विनोद सिंह ने निर्धारित समय सीमा से पूरे 14 दिन पहले अपना 100 प्रतिशत कार्य पूरा कर रिकॉर्ड कायम किया है। बीएलओ विनोद सिंह ने क्षेत्र के 477 मतदाताओं का गहन पुनरीक्षण पूरा कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया।
जिसकी अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित थी, वहीं विनोद सिंह ने उससे काफी पहले लक्ष्य हासिल कर जिले के पहले बीएलओ के रूप में उत्कृष्ट कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर एसडीएम रामनगर एसपी मिश्रा ने पुष्पहार पहनाकर उनका स्वागत किया और सम्मान स्वरूप उन्हें सरसी आइलैंड की फ्री ट्रिप का विशेष पुरस्कार प्रदान किया। बताया गया कि जिले में पहली बार किसी बीएलओ को इस तरह का प्रेरणादायक प्रोत्साहन दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस उपलब्धि से अन्य बीएलओ और कर्मचारी भी उत्साहित होकर बेहतर प्रदर्शन करेंगे तथा अभियान की गुणवत्ता में और सुधार आएगा।
