सीहोर। जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. बादलों की आवाजाही और बढ़ी उमस के कारण रात के तापमान में भारी बढ़ोतरी हुई, जबकि दिन का तापमान गिर गया. इसके चलते गुरुवार को लो-प्रेशर जोन बनने से शाम करीब 5 बजे पूरे शहर में तेज आंधी चली. आंधी के साथ धूल के गुबार छा गए और लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली.
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है. गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आरएके कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, चक्रवात और ट्रफ सिस्टम के संयुक्त असर से अंचल में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. वर्तमान में प्रदेश के मध्य हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जबकि दूसरा ऊपरी हिस्से में बना हुआ है। इसके अलावा पूर्वी हिस्से से एक ट्रफ गुजर रही है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से अगले चार दिनों तक जिले में मौसम उथल-पुथल भरा बना रहेगा। कई स्थानों पर तेज आंधी और हल्की बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 10 मई से एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर अगले दो दिनों में दिखाई दे सकता है. इससे तापमान और मौसम दोनों में फिर बदलाव आने की संभावना है. पिछले 24 घंटे में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया. बुधवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस था, जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान घटकर 39.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान बढ़कर 26.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 मई तक सक्रिय सभी विक्षोभों का असर समाप्त हो जाएगा। इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी. इस बार नौतपे शुरू होने से पहले ही तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
