नई दिल्ली, 21 नवंबर 2025: आज सुबह भारत के पश्चिम बंगाल राज्य में अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश में टुंगी के पूर्व में लगभग 27 किलोमीटर दूर बताया गया है। यह भूकंप स्थानीय समय के अनुसार सुबह 10:08 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.5 थी। इन झटकों के कारण बंगाल के कई जिलों में लोग डर गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या हताहत होने की खबर नहीं है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी आए भूकंप
आज सुबह पश्चिम बंगाल के साथ-साथ दो पड़ोसी देशों, बांग्लादेश और पाकिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सुबह जोरदार झटके लगे जो करीब 20 सेकंड तक महसूस किए गए। इससे कुछ घंटे पहले, पाकिस्तान में तड़के 5.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके झटके अफगानिस्तान के कई इलाकों में भी महसूस किए गए। वैज्ञानिकों का कहना है कि पाकिस्तान में भूकंप अधिक गहराई में था (135 किलोमीटर), इसलिए उसका असर सतह पर कम घातक रहा।
भूकंप के प्रति संवेदनशील है यह पूरा क्षेत्र
अफगानिस्तान, पाकिस्तान और उत्तर भारत का यह विशाल क्षेत्र दुनिया के सबसे संवेदनशील भूकंप-प्रवण इलाकों में से एक है। इसका मुख्य कारण यहां की भूगर्भीय गतिविधियों का अत्यधिक एक्टिव होना है। यह इलाका भारतीय टेक्टोनिक प्लेट और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट की टक्कर और आपसी रगड़ के कारण भूकंप के प्रति संवेदनशील है। जब यह तनाव अचानक मुक्त होता है, तो झटके महसूस किए जाते हैं।

