प्रमोशन में आरक्षण मामले की सुनवाई जारी, आज फिर होगी

जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ के समक्ष गुरुवार को मध्य प्रदेश में प्रमोशन में आरक्षण मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट के संबंधित न्यायदृष्टांत रेखांकित करते हुए अपनी दलीलें पेश की गई। बहस पूरी न होने के कारण शु्क्रवार को सुनवाई जारी रखने की व्यवस्था दे दी गई। याचिकाकर्ताओं की बहस पूरी होने के बाद इस प्रकरण में राज्य शासन की ओर तर्क प्रस्तुत किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि भोपाल निवासी डॉ. स्वाति तिवारी व अन्य की ओर से दायर याचिकाओं में मध्य प्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम 2025 को चुनौती दी गई है। दलील दी गई कि वर्ष 2002 के नियमों को हाईकोर्ट के द्वारा आरबी राय के केस में समाप्त किया जा चुका है। इसके विरुद्ध मप्र शासन ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट में मामला अभी लंबित है, इसके बावजूद मप्र शासन ने महज नाम मात्र का शाब्दिक परिवर्तन कर जस के तस नियम बना दिए। मामले की सुनवाई दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से हाईकोर्ट को अवगत कराया गया कि जरनैल सिंह के प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट ने एम नागराज केस के निर्णय का पुनर्मूल्यांकन किया था। न्यायालय ने स्पष्ट किया था कि आक्षरण का समुचित लाभ तय करने के लिए उच्च पदों पर पहुंचे अधिकारियों का डेटा आवश्यक है। जब तक क्रीमीलेयर के वास्तविक आंकड़े नहीं जुटाए जाते, तब तक यह पता करना कठिन है कि पिछड़े वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व मिल रहा है या नहीं। जिस कारण प्रमोशन में आरक्षण देने से पहले सरकार को यह साबित करना होगा कि संबंधित वर्गों का प्रतिनिधित्व कम है। याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि मप्र शासन ने प्रमोशन में आरक्षण लागू करने से पूर्व यह डेटा एकत्र नहीं किया था। पिछड़े वर्गों की स्थिति, प्रतिनिधित्व और क्रीमी लेयर का आकलन नहीं किया गया था। वर्ष 2025 का यह नया नियम संविधान के अनुच्छेद.14 और 16-1 के विरुद्ध है। कुल मिलाकर बिना डेटा जांच के आरक्षण लागू नहीं कया जा सकता।

Next Post

राममंदिर ध्वजारोहण समारोह शुरु

Thu Nov 20 , 2025
अयोध्या 20 नवम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राममंदिर ध्वजारोहण समारोह का आयोजन आज यजमानों के प्रायश्चित कर्म का प्रतिपादन पूजन अर्चन के साथ शुरू हुआ। शुक्रवार से सभी यजमान सुबह से ही ध्वजारोहण समारोह के पूजन अर्चन में शामिल होंगे और अगले चार दिनों तक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ […]

You May Like