उज्जैन- ओंकारेश्वर के लिए पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा शुरू

इंदौर। आज इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर के लिए प्रदेश सरकार ने हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी है। इंदौर में उज्जैन 20 मिनट में पहुंच सकते है। वही ओंकारेश्वर जाने के लिए 40 मिनट का सफर तय करना पड़ेगा। पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा के तहत उज्जैन से ओंकारेश्वर की यात्रा की जा सकती है। उक्त सेवा का शुभारंभ जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में बड़ी सौगात देते हुए धार्मिक स्थल को जोड़ने वाली पीएम श्री हवाई यात्रा शुरू की है। आज इंदौर में बिचौली मर्दाना हेलीपेड से यात्रियों ने उज्जैन की उड़ान भरी और 20 मिनट बाद हेलीकॉप्टर उज्जैन में उतर गया। हेली सेवा से उज्जैन पहुंचने पर यात्रियों का पुष्पवर्षा और परंपरागत स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया।

इस सेवा की विशेषता यह है कि उज्जैन और ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग तक की यात्रा अब मात्र 20–40 मिनट में संभव होगी, जबकि भोपाल से पचमढ़ी तक की यात्रा भी केवल एक घंटे में पूरी हो जाएगी। भविष्य में इस सेवा का विस्तार अन्य धार्मिक स्थलों तक करने की भी योजना है। हेली सेवा सप्ताह में चार दिन चलाई जाएगी।

हेली सेवा की शुरुआत पर मंत्री सिलावट ने कहा कि यह पर्यटन सेवा धार्मिक पर्यटन का नया अध्याय है। मुख्यमंत्री यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने धार्मिक हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ की है। योजना से स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और इंदौर–उज्जैन कॉरिडोर पर आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर रोशन राय सहित जिला प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित थे। यात्रा करने वाले प्रथम दल में विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, सुमित मिश्रा, श्रवण चावड़ा भी शामिल हुए।

 

पीएम श्री हेली सेवा का किराया निम्न है :-

इंदौर–उज्जैन– ओंकारेश्वर मार्ग आध्यात्मिक सेक्टर के तहत जोड़ा गया है। इंदौर से उज्जैन तक 20 मिनट की उड़ान का अनुमानित किराया 5 हजार रुपए, उज्जैन से ओंकारेश्वर तक 40 मिनट की उड़ान का किराया 6 हजार 500 और ओंकारेश्वर से इंदौर लौटने का किराया लगभग 5 हजार 500 रूपए रखा गया है। इस सेक्टर के माध्यम से श्रद्धालु एक ही दिन में महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर दोनों ज्योर्तिलिंगों के दर्शन आसानी से कर सकेंगे।

Next Post

चेन्नई से कप सीरप का मटेरियल सप्लाई करने वाला एसआईटी की गिरफ्त में

Thu Nov 20 , 2025
छिंदवाड़ा। कप सीरप कांड की गहन जांच में जुटी एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने चेन्नई से श्री सन फ़ार्मा कंपनी को कप सीरप तैयार करने में उपयोग होने वाला मटेरियल सप्लाई करने वाले शैलेश पांड्या को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद एसआईटी ने आरोपी को न्यायालय […]

You May Like