अहमदपुर चौराहे पर ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, चालक घायल; बड़ा हादसा टला

मंडला. अंजनिया चौकी अंतर्गत एनएच-30 के अहमदपुर चौराहा के पास गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बताया गया कि बिछिया की ओर से जबलपुर जा रहा एक 16 चक्का ट्रक घाट उतरते समय अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे मिट्टी लोड डंपर से जा टकराया। इस भीषण टक्कर में रायपुर से मिट्टी लोड कर जबलपुर जा रहे डंपर का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे में डंपर चालक को हल्की चोटें आईं हैं, जिसे तुरंत स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिछिया की ओर से घाट उतर रहा 16 चक्का ट्रक तेज गति के कारण अनियंत्रित हो गया था। ट्रक चालक ने जब यह महसूस किया कि सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो सकती है, तो उसने तुरंत ड्राइवर सीट से उठकर कंडक्टर सीट की तरफ छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक की इसी सूझबूझ के कारण जान का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया गया कि टक्कर के कारण नेशनल हाईवे 30 मार्ग पर यातायात बाधित हो गया था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अंजनिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रकों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सामान्य किया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।

Next Post

ग्राम कायन में जमीनी विवाद पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला, दो दर्जन घायल

Thu Nov 20 , 2025
छतरपुर। जिले के गुलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कायन में गुरुवार सुबह जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सुबह करीब 11 बजे खेत पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से एक-दूसरे […]

You May Like