
नई दिल्ली, 20 नवंबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को करारी हार मिलने और कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहने के बाद, उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) अलर्ट हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेताओं के एक गुट का मानना है कि यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन की रणनीति पर फिर से विचार करने की ज़रूरत है। इन नेताओं ने यह संदेश पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव तक पहुंचाया है।
नेताओं ने सीट-शेयरिंग जल्द फाइनल करने की मांग की
सपा नेताओं के इस गुट ने पार्टी हाईकमान को बिहार जैसी स्थिति से बचने के लिए सीट-शेयरिंग को काफी पहले फाइनल करने की सलाह दी है। उनका मानना है कि आखिरी समय की खींचतान और कंफ्यूजन से बचने के लिए चुनाव से काफी पहले सीट-शेयरिंग को फाइनल कर लेना चाहिए। नेताओं का अप्रत्यक्ष इशारा यह भी है कि कमजोर आधार वाली सीटों पर कांग्रेस की जीत की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए।
लोकसभा में सफल रहा था यूपी गठबंधन
गौरतलब है कि बिहार असेंबली इलेक्शन 2025 में कांग्रेस ने 61 सीटों पर चुनाव लड़ा और सिर्फ छह सीटें जीतीं, जिसे महागठबंधन की हार का एक बड़ा कारण माना गया। हालांकि, उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस ने मिलकर लोकसभा इलेक्शन लड़ा था, जिसमें सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीतीं, जो 2009 के बाद से यूपी में कांग्रेस का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। सपा अब इसी तालमेल को बनाए रखना चाहती है।
