पड़ाना। शासन द्वारा आमजन को सुगमता के साथ शुद्ध जल घर-घर उपलब्ध कराने नलजल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण कर पेयजल सप्लाई की जा रही है. नगर के हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में बनाई गई नवीन पानी टंकी से पानी ओव्हर फ्लो होन से लाखों लीटर पानी बहकर स्कूल परिसर में जमा हो गया. बुधवार को मैदान में पानी भरा होने से प्रार्थना भी कक्षाओं के भीतर ही करवाई गई.
विदित है कि कुंडलिया डैम परियोजना अंतर्गत एलएनटी कंपनी द्वारा पड़ाना स्थित स्कूल परिसर में 4 लाख 90 हजार लीटर पानी की क्षमता वाली टंकी का निर्माण किया गया. लेकिन इसकी समुचित देखरेख नहीं होने के कारण आये दिन टंकी से पानी ओव्हर फ्लो हो रहा है. बुधवार को टंकी से काफी मात्रा में पानी ओव्हर फ्लो होकर स्कूल के मैदान में जमा हो गया.
तालाब बना स्कूल मैदान
पानी भर जाने से स्कूल का मैदान किसी मिनी तालाब सा नजर आ रहा था. सुबह जब बच्चे एवं स्टॉफ सदस्य स्कूल पहुंचे तो हर कोई यह नजारा देख दंग रह गया. मैदान में पानी होने से यहां प्रार्थना नहीं हो सकी. कक्षाओं के भीतर ही प्रार्थना करवाई गई.
पाइप लाइन हो रही लीकेट
टंकी निर्माण एवं हर घर शुद्ध जल मुहैया करने के लिए पाइप लाइन बिछाकर नलजल योजना द्वारा पानी सप्लाई किया जाना है किंतु निर्माण के दौरान जिम्मेदारों द्वारा सतत् मॉनिटरिंग नहीं होने के कारण पाइप लाइन आये दिन टूटफूट रही है. लाइन लीकेज होने से पानी सप्लाई में बाधा पहुंच रही है. आये दिन पानी की टंकी से पानी ओव्हर फ्लो होकर बह रहा है. बुधवार को जिम्मेदारों की घोर लापरवाही के कारण पूरी रात टंकी से ओवरफ्लो होकर पानी बहता रहा. शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर के मैदान में तीन से चार फीट तक पानी भर गया. पूर्व में भी 5- 6 बार ऐसी स्थिति निर्मित हो चुकी है बावजूद इसके अनदेखी और लापरवाही जारी है. स्कूल परिसर का मैदान लबालब पानी से भर जाने से विद्यार्थियों व टीचरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
स्वास्थ्य केन्द्र, पंचायत परिसर में भी पहुंचा पानी
पानी की टंकी ओवर फ्लो होने से लाखों लीटर पानी बहकर स्कूल परिसर एवं समीप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर, पंचायत परिसर तक जा पहुंचा. जानकारी के अनुसार तीन दिन से पड़ाना मैं कुंडलिया डैम परियोजना के अंतर्गत नल जल योजना बंद है.
दूर नहीं हो रही पाइप लाइनो में लीकेज की समस्या
आये दिन पाइप लाइन में लीकेज होने से पानी बहता रहता है. जगह-जगह लीकेज की समस्या बीत करीब 8 माह से जारी है. पेयजल सप्लाई हेतु कनेक्शन कार्य भी अभी अधूरा है.
वॉल्व चालू कर भूले
जानकारी के अनुसार पड़ाना स्थित स्कूल में मौजूद पानी टंकी में पानी लिफ्ट करने का वॉल्व करीब 3 किमी दूर ग्राम मऊ में स्थित है, यहां से वॉल्व चालू किया जाता है जिसके बाद पानी पड़ाना टंकी में पहुंचता है. जानकारी के अनुसार मंगलवा को वॉल्व चालू करने के बाद उसे बंद करना भूल गये जिसके चलते टंकी ओव्हर फ्लो होकर लाखों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो गया. बुधवार सुबह 7 बजे तक पानी की टंकी ओवरफ्लो होती रही. इस संबंध में जब जिम्मदारों को फोन किया गया तो वह फोन उठाने से कतराते रहे.
