ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर दो की मौत

सीहोर। जिले के इछावर थाना क्षेत्र के गुराड़ी गांव में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई. मृतकों में एक सरकारी शिक्षक और दूसरा ऑनलाइन का काम करता था. टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक फरार हो गया. पुलिस ने उसके खिलाफ मामला कायम कर गिरफ्तार करने के लिए सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार समापुरा निवासी शिक्षक हनुमंतसिंह (55) पिता विजयसिंह उईके और ज्ञानसिंह (38) पिता देवीसिंह धाईखेड़ा की और जा रहे थे, वही गुराड़ी तरफ से ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रहा था. रास्ते में गुराड़ी गांव में इंडियन गैस एजेंसी के पास तेज गति से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से बाइक सवार दोनों व्यक्ति सीधे सड़क पर गिरे और उनकी जान चली गई. बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है. सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में दोनों शव को पीएम के लिए इछावर अस्पताल पहुंचाया गया.

ग्रामीणों के अनुसार गुराड़ी और धाईखेड़ा के बीच झाडिय़ा होने के कारण मोड़ पर वाहन दिख नहीं पाते और इसी वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं। स्पीड पर लगाम लगाने स्पीड ब्रेकर भी नहीं बनाए गए हैं. इसे लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हो पाया है. इससे लोगों में आक्रोश है. आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द ही झाडिय़ां हटाने में गंभीरता नहीं दिखाई तो उनको आंदोलन करने का कदम उठाना पड़ेगा. मामले में थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में एक शिक्षक भी शामिल है. मामले में मर्ग कायम कर फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है.

सनकोटा स्कूल में पदस्थ था शिक्षक

बताया जाता है कि इस लोमहर्षक हादसे में मृतक शिक्षक हनुमंतसिंह उईके सनकोटा के शासकीय माध्यमिक स्कूल में प्रधान अध्यापक थे. जिनकी एक करीब 25 साल की लड़की है. ज्ञानसिंह ऑनलाइन की ही दुकान चलाता था, जिसके दो छोटे लडक़े और एक लडक़ी हैं. जब दोपहर में दोनों की एक साथ घर से अंतिम यात्रा निकली तो हर किसी की आंख नम थी. अंत्येष्टी में शामिल होने आए लोग सिर्फ एक ही बात कहते दिखे कि ये क्या हुआ, कैसे हुआ और क्यूं हो गया. भगवान किसी को ऐसा दिन नहीं दिखाए. परिजन के रो-रो कर बुरे हाल हैं.

उधर,भोपाल- इंदौर हाईवे स्थित फंदा टोल के समीप एक अज्ञात कार चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए इलेक्ट्रिक बाइक में टक्कर मार दी जिससे चालक की मौत हो गई. मृतक भोपाल निवासी बताया जाता है जो अपनी बाइक से गांवों में कपड़े बेचने का काम करता था. प्राप्त जानकारी अनुसार भोपाल के टीला जमालपुरा निवासी 58 वर्षीय नारायण दास आ. गोपालदास कपड़े का कारोबार करता था जो अपनी इलेक्ट्रिक बाइक पर कपड़े रखकर गांवों में बेचने जाता था. बताया जाता है कि बुधवार को वह भोपाल से सीहोर की ओर आ रहा था. जैसे ही वह फंदा टोल के आगे जीरो पाइंट के समीप पहुंचा पीछे से आ रही कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में नारायण दास की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजते हुए आरोपी चालक की तलाश प्रारंभ कर दी है.

Next Post

ईडी ने बैंक धोखाधड़ी मामले में 51.70 करोड़ रुपये की विदेशी संपत्तियां कुर्क की

Wed Nov 19 , 2025
भोपाल। ईड़ी ने बैंक धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की है. ईड़ी के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल ने 17 अक्टूबर को पीएमएलए के प्रावधानों के तहत दुबई (यूएई) स्थित नौ आलीशान विदेशी अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया. कुर्क की गई संपत्तियां अपार्टमेंट और व्यावसायिक स्थानों के रूप में […]

You May Like