ढाई माह की मासूम को एक्सपायर्ड वैक्सीन का दे दिया डोज

इंदौर: शहर के एक निजी अस्पताल में एक दंपति अपनी ढाई महीने की बच्ची का वैक्सीनेशन कराने पहुंचे, जहां कथित तौर पर बच्ची को वैक्सीन का एक्सपायर्ड डोज लगा दिया गया. विरोध करने पर दंपति के साथ अस्पताल स्टॉफ ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और अस्पताल से बाहर निकाल दिया. दंपति ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है.

मूसाखेड़ी क्षेत्र के निवासी दंपति अपनी बच्ची का टीकाकरण कराने सोमवार रात सपना-संगीता रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे थे. पीडियाट्रिक विभाग में परामर्श के बाद बच्ची को एचईएक्सए-2 वैक्सीन दी गई. इसी दौरान पिता की नजर फाइल पर लगे वैक्सीन के रैपर पर पड़ी, जिस पर एक्सपायरी डेट मई 2025 दर्ज थी. इस पर आपत्ति जताने पर अस्पताल में विवाद शुरू हो गया.

परिजनों ने पुलिस को बताया कि अस्पताल स्टॉफ ने वैक्सीन का रैपर बदल दिया. जब उन्होंने वास्तविक रैपर देने की मांग की तो उनसे बदसलूकी की गई. आरोप है कि टेबल से रैपर उठाने की कोशिश पर डॉक्टर और स्टाफ ने उन्हें धक्का दिया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर निकाल दिया. दंपति का कहना है कि बच्ची आठ साल बाद हुई है, इसलिए उसकी सेहत को लेकर वे बेहद चिंतित हैं. टीकाकरण के बाद बच्ची लगातार रो रही है और सुस्त दिखाई दे रही है, जिसके चलते वे दूसरे डॉक्टर से जांच कराने की तैयारी में हैं.

दंपति को फीस वापस कर मामला शांत कराने की कोशिश भी की
दंपति ने पुलिस को यह भी बताया कि विवाद के दौरान उन्हें वैक्सीन की फीस वापस लेने का प्रस्ताव भी दिया, लेकिन वे किसी तरह खुद और बच्ची को सुरक्षित निकालकर रात करीब 12 बजे जूनी इंदौर थाने पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी. पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य आरोपों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की. इस बीच, अस्पताल पक्ष ने कहा है कि जांच चल रही है और वे अधिकारियों को पूरा विवरण दे रहे हैं. थाना प्रभारी का कहना है कि शिकायत के सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है, जांच उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

मासूम पर चढ़ाई पिकअप, मौत

Wed Nov 19 , 2025
जबलपुर: मझोली थाना अंतर्गत धनवाही पुलिया के पास बेलगाम पिकअप चालक ने पांच साल के मासूम को रौंद दिया जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि लक्खू कोल 50 वर्ष निवासी सिमरिया धनवाही ने सूचना दी कि अपनी बेटी काजल कोल एवं नातिन मानवी व नाति कायरव को लेकर […]

You May Like