इंदौर: शहर में अवैध होर्डिंग्स को लेकर एक बार फिर मुहिम शुरू की जाएगी. इसके लिए महापौर ने निगम आयुक्त को निर्देश जारी करते हुए कहा कि शहर के सुंदरता से समझौता नहीं करे.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर की सुंदरता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले ऐसे सभी अवैध होर्डिंग्स को बिना देरी हटाया जाए.
शहर में अवैध और बेतरतीब तरीके से लगाए जा रहे होर्डिंग्स के विरुद्ध नगर निगम द्वारा अभियान चलाया जाए. आज महापौर ने निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव को निर्देश दिए कि पूर्व में अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ जारी कारवाई को निरंतर जारी रखा जाए. साथ ही इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए.
व्यवस्थित विकास उद्देश्य
महापौर ने यह भी बताया कि निगम द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जनहित एवं शहर के विकास को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से है. नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करते हुए ही प्रचार-प्रसार सामग्री स्थापित करें.
